Sunday, 27 September 2026

श्री सनातन धर्म मंदिर फेज-4 में हुआ विशेष आयोजन

Shrimad Bhagwat Katha Katha Phase4 On Sunday 27th September 2026 at 5:03 PM

भव्य कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ

*भक्तिमय हुआ मोहाली का फेज-4, 
*जगह-जगह हुआ कलश यात्रा का स्वागत; 
*श्रद्धालुओं ने लगाए प्रसाद व लंगर के अटूट भंडारे


मोहाली: 27 सितंबर 2026: >>आराधना टाईम्ज़ डेस्क>>

श्री सनातन धर्म मंदिर, फेज-4, मोहाली में श्राद्ध पक्ष के पावन अवसर पर श्रीमद्भागवत कथा का शुभारंभ रविवार को भव्य एवं धार्मिक वातावरण में हुआ। कथा का आयोजन 27 सितंबर से 3 अक्टूबर 2026 तक किया जा रहा है। आयोजन के पहले दिन सुबह मंदिर परिसर से भव्य कलश यात्रा निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में महिलाओं एवं श्रद्धालुओं ने श्रद्धा और उत्साह के साथ भाग लिया।

सुबह मंदिर परिसर से विधिवत पूजा-अर्चना के बाद कलश यात्रा शुरू हुई। श्रद्धालु सिर पर कलश धारण कर भजन-कीर्तन एवं भगवान के जयकारों के साथ क्षेत्र की विभिन्न गलियों से होते हुए आगे बढ़े। यात्रा जिस भी मार्ग से गुजरी, स्थानीय लोगों ने श्रद्धा एवं उत्साह के साथ उसका स्वागत किया। कई स्थानों पर घरों के बाहर श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद वितरण, लंगर और अटूट भंडारे लगाए गए। जगह-जगह भगवान श्रीकृष्ण एवं श्रीमद्भागवत महापुराण का स्वागत किया गया। कलश यात्रा के आगे आतिशबाजी से पूरा वातावरण उत्सवमय हो गया और ऐसा प्रतीत हो रहा था मानो क्षेत्र में दीपावली जैसा धार्मिक उल्लास छा गया हो।

कलश यात्रा में श्री सनातन धर्म मंदिर महिला मंडल की प्रधान श्रीमती दिनेश चंदन के नेतृत्व में श्रीमती इंद्रा रानी, पुष्पा शर्मा, राजकुमारी, शशि, नीलम, अर्चना सहित महिला मंडल की अन्य सदस्यों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। महिलाओं ने भजन-कीर्तन करते हुए भगवान का गुणगान किया और पूरे रास्ते भक्तिमय वातावरण बनाए रखा।

सायंकाल मंदिर परिसर में वृंदावन वाले कथा वाचक स्वामी धन्वंत्री दास जी ने श्रीमद्भागवत कथा का वाचन किया। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म, संस्कार और सदाचार का महत्व बताते हुए श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक संदेश दिया। कथा के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे और उन्होंने भावपूर्वक श्रीमद्भागवत महापुराण की कथा का श्रवण किया।

मंदिर कमेटी के प्रधान देश राज गुप्ता, सह-मीत प्रधान राज कुमार कालिया, मीत प्रधान सतीश कुमार, महासचिव राज कुमार शर्मा तथा कैशियर राकेश कुमार गुप्ता सहित पूरी मंदिर प्रबंधन टीम ने आयोजन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

मंदिर कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि 27 सितंबर से 3 अक्टूबर तक प्रतिदिन शाम 3:30 बजे से 7:30 बजे तक श्रीमद्भागवत कथा का आयोजन होगा। इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए अटूट भंडारे की व्यवस्था भी की जाएगी। वहीं प्रतिदिन प्रातः 8 से 10 बजे तक पूजन होगा।

मंदिर कमेटी ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में कथा में पहुंचकर भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति एवं श्रीमद्भागवत महापुराण का श्रवण करने का आह्वान किया। आयोजन के पहले दिन सुबह निकली भव्य कलश यात्रा और शाम को हुई कथा ने पूरे फेज-4 को श्रद्धा, भक्ति और धार्मिक उल्लास से सराबोर कर दिया।