Jagmeet Ghuman on Tuesday 5th May 2026 at 6:14 PM Regarding Shortage of Fodder Straw in the Cow Shelter
तुड़ी की कमी का संकट हजारों पशुओं के जीवन के लिए बना खतरा
मोहाली: 5 मई 2026: (आराधना टाईम्ज़ डेस्क)::
पंजाब गौशाला महासंघ ने पंजाब सरकार से मांग की है कि तुरंत प्रभाव से तुड़ी-चारे के भंडारण पर रोक लगाई जाए तथा उचित व्यवस्था कर पशुओं को बचाने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएं।
गौसेवा मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष- स्वामी कृष्णानंद जी महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में पंजाब में तुड़ी का अत्यंत गंभीर संकट उत्पन्न हो गया है। कई गत्ते की फैक्ट्रियों , ईटों को भट्ठे वं कोयला बॉयलर ने किसानों से सीधे खेतों से बड़े पैमाने पर तुड़ी खरीदी है। इसके चलते गौशालाओं को तुड़ी नहीं मिल पा रही है, जबकि पहले उन्हें यह आसानी से मिल जाती थी। उन्होंने कहा कि लाखों मवेशी भूख से मरने की कगार पर हैं।
उन्होंने आगे कहा कि चारे के अभाव में होने वाली पशुओं की मृत्यु का नैतिक दायित्व संबंधित प्रशासन और सरकार पर होगा।
स्वामी महाराज ने कहा कि तूड़ी की कमी के कारण इसके दाम आसमान छू रहे हैं, जिससे डेयरी किसानों और पशुपालकों पर आर्थिक बोझ काफी बढ़ गया है।
स्वामी महाराज ने कहा कि हालांकि राज्य सरकार द्वारा 'गौ उपकर' (काऊ सेस) के माध्यम से फंड जमा किया जा रहा है, लेकिन रिपोर्टों के अनुसार पंजीकृत गौशालाओं को समय पर पर्याप्त सहायता न मिलने से चारे का संकट बना रहता है।
स्वामी कृष्णानंद जी महाराज ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा हमारी मांगों को पूरा न करने पर हमारे पास आंदोलन करने के अलावा कोई विकल्प नहीं बचेगा। हम राज्य सरकार को हमारी मांगों पर विचार करने के लिए दो दिन का समय दे रहे हैं, ऐसा न करने पर हम पंजाब के मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों के आवासों का घेराव करने के लिए मजबूर होंगे। यदि दो दिनों के भीतर राज्य सरकार द्वारा हमारी मांगों पर किसी भी प्रकार की बातचीत के लिए हमें आमंत्रित नहीं किया जाता है, तो आने वाले शनिवार को पंजाब के गौसेवक और गौशाला मालिक शिव नंदी के साथ अपने-अपने जिलों में आवासों का घेराव करने के लिए मार्च पर निकल पड़ेंगे।
